Mahavatar Parshuram Teaser-Poster : मुंबई। होम्बले फिल्म्स ने परशुराम जयंती के शुभ अवसर पर अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘महावतार परशुराम’ का पहला पोस्टर और टीजर जारी कर दिया है। टीजर में भगवान विष्णु के छठे अवतार परशुराम के रौद्र रूप को भव्य और डरावने अंदाज में दिखाया गया है, जिसमें वे हाथ में खून से सना भारी फरसा (परशु) लिए युद्ध के मैदान में खड़े नजर आ रहे हैं।
‘महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स’ की दूसरी फिल्म
‘महावतार परशुराम’ होम्बले फिल्म्स के महत्वाकांक्षी ‘महावतार सिनेमैटिक यूनिवर्स’ की दूसरी कड़ी है। इससे पहले इस यूनिवर्स की पहली फिल्म ‘महावतार नरसिंह’ ने एनीमेशन फिल्मों के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया था। नई फिल्म में भगवान विष्णु के छठे अवतार की कहानी को आधुनिक और भव्य अंदाज में पेश किया जाएगा, जिसमें अधर्म के खिलाफ न्याय और क्रोध की थीम को प्रमुखता दी गई है।
टीजर रिलीज करते हुए होम्बले फिल्म्स ने कैप्शन में लिखा – “जब धर्म का पतन होता है, तो ‘परशु’ का उदय होता है। यह कोई शासक नहीं, बल्कि अधर्म के खिलाफ एक शक्ति है।”
दिसंबर 2027 में रिलीज
फिल्म का निर्देशन अश्विन कुमार कर रहे हैं। मेकर्स ने पुष्टि की है कि ‘महावतार परशुराम’ दिसंबर 2027 में पैन इंडिया स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पोस्टर और टीजर को हिंदी, अंग्रेजी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में जारी किया गया है, जिससे साफ है कि फिल्म को पूरे देश में बड़े स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।
12 साल का मेगा प्लान
होम्बले फिल्म्स और क्लीम प्रोडक्शंस ने भगवान विष्णु के दस अवतारों पर आधारित सात फिल्मों का विशाल प्लान तैयार किया है। यह सिलसिला 2025 में ‘महावतार नरसिंह’ से शुरू हुआ था। इसके बाद 2029 में ‘महावतार रघुनंदन’, 2031 में ‘महावतार धौकाधेश’, 2033 में ‘महावतार गोकुलानंद’, 2035 में ‘महावतार कल्कि भाग-1’ और 2037 में ‘महावतार कल्कि भाग-2’ रिलीज होने वाली हैं।
‘महावतार नरसिंह’ ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी और यह दुनिया की पहली भारतीय एनिमेटेड फिल्म बनी, जो एकेडमी अवार्ड्स की ‘बेस्ट पिक्चर’ श्रेणी में चर्चा में रही।
टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर फैंस का एक्साइटमेंट चरम पर पहुंच गया है। दर्शक अब फिल्म के पूरे ट्रेलर और कहानी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
