कांग्रेस की बड़ी सियासी तैयारी: सीएम हाउस घेराव से पहले न्याय यात्रा का ऐलान
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस 18 अप्रैल से ‘न्याय यात्रा’ की शुरुआत करने जा रही है। यह पदयात्रा दुर्ग के गांधी मूर्ति पटेल चौक से प्रारंभ होगी और 21 अप्रैल तक राजधानी रायपुर पहुंचेगी। यात्रा के माध्यम से कांग्रेस राज्य में बढ़ते अपराध, खासकर दुर्ग में बच्ची के साथ हुई दरिंदगी, बेरोजगारी, महंगाई और सामाजिक मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इस पदयात्रा में शामिल होंगे और आम जनता से संवाद करेंगे। यात्रा का समापन रायपुर के राजीव भवन में होगा, जिसके बाद 21 अप्रैल को कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।
कांग्रेस ने इस यात्रा को लेकर कमर कस ली है और इसके लिए 23 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम प्रभारी भी नियुक्त किए हैं। पार्टी का दावा है कि यह यात्रा भाजपा सरकार की नाकामियों को उजागर करने और जनता को न्याय दिलाने के संकल्प के साथ निकाली जा रही है।
