सुशासन तिहार के तहत कोरबा जिले के विकासखंड पाली के डोंगानाला गांव में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में उप मुख्यमंत्री Arun Sao का संवेदनशील और मानवीय व्यवहार देखने को मिला। शिविर के दौरान ग्राम मादन निवासी दिव्यांग युवक कपिल ने ट्राइसाइकिल की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया।
जैसे ही उप मुख्यमंत्री की नजर आवेदन पर पड़ी, वे स्वयं मंच से नीचे उतर आए और मंच की सीढ़ियों पर बैठकर दिव्यांग युवक की समस्या सुनी। कपिल ने बताया कि दिव्यांगता के कारण उसे रोजमर्रा के आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और ट्राइसाइकिल मिलने से उसकी परेशानी काफी हद तक कम हो सकती है।
समस्या सुनने के बाद उप मुख्यमंत्री ने तत्काल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने भी तत्परता दिखाते हुए कुछ ही समय में कपिल को ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी।
ट्राइसाइकिल मिलने पर कपिल ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब उनका आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम हो जाएगा और दैनिक कार्यों को करने में आसानी होगी।
सुशासन तिहार के दौरान दिव्यांग युवक की समस्या सुनने के लिए मंच से नीचे उतरना और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने इसे जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के बीच बेहतर संवाद तथा संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण बताया।
