रायपुर, 11 जून 2026। छत्तीसगढ़ में मौसम का रुख तेजी से बदल रहा है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हो रही बारिश और बादलों की आवाजाही के बीच मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 2 से 3 दिनों में राज्य में प्रवेश कर सकता है। मानसून के बस्तर क्षेत्र से छत्तीसगढ़ में दस्तक देने की संभावना जताई गई है।
आज गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 11 जून को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। विशेष रूप से प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी क्षेत्रों में वर्षा की गतिविधियां अधिक देखने को मिल सकती हैं। कुछ स्थानों पर तेज अंधड़ और वज्रपात की भी संभावना है, जिसके मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
12 जून से बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन 12 जून से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसके चलते कई जिलों में मौसम सुहावना होने और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
पिछले 24 घंटों में यहां हुई बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। अंबिकापुर में सर्वाधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रायगढ़, बलरामपुर, गरियाबंद और सारंगढ़ सहित कई क्षेत्रों में बारिश हुई।
गर्मी से मिली आंशिक राहत
बारिश के कारण लोगों को उमस और भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है, हालांकि प्रदेश के कई जिलों में तापमान अभी भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग ने 14 जून तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की दस्तक के साथ ही प्रदेश में वर्षा का दायरा और तीव्रता दोनों बढ़ेंगी, जिससे खेती-किसानी की तैयारियों को भी गति मिलेगी।
