नववर्ष से पूर्व मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले को महत्वपूर्ण विकास सौगात दी है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर लोक निर्माण विभाग द्वारा जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क संपर्क को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 10 प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन हेतु 31 करोड़ 91 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृत कार्यों में एनएच-43 (मुड़ापारा) से चर्चपारा होते हुए सुकबासुपारा तक सड़क निर्माण के लिए 2.47 करोड़ रुपये, ग्राम पंचायत कछार से सरपंच बस्ती चौक पक्की सड़क से तिरसोठ तक के लिए 3.41 करोड़ रुपये, कांसाबेल के डांडपानी से खूटेरा मार्ग हेतु 4.52 करोड़ रुपये तथा पाले पखना से जुनवाईंन मार्ग के लिए 4.68 करोड़ रुपये शामिल हैं।

इसी क्रम में सेमरकछार भट्टीटोली से लपई मार्ग के लिए 2.69 करोड़ रुपये, कर्रबेवरा से पखनापारा माड़ो गुफा तक पहुंच मार्ग हेतु 1.88 करोड़ रुपये, ठाकुरमुड़ा से रघुनाथपुर जोड़ा तालाब मार्ग के लिए 2.61 करोड़ रुपये, पाकरगांव से तुरवाआमा होते हुए चौराआमा मार्ग के लिए 2.61 करोड़ रुपये, भगरपुर से भगोरा मार्ग हेतु 4.60 करोड़ रुपये तथा अटल चौक से पंडरीपानी होते हुए तिलंगा मार्ग के लिए 2.43 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इन सड़कों के निर्माण से जशपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे कृषि उपज के परिवहन में सुविधा, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच तथा स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि वर्षों से लंबित सड़कों की मांग पूरी होने से जिले के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
