वॉशिंगटन: अमेरिका में इमिग्रेशन को लेकर सख्ती के बीच एक NRI परिवार ने अपने माता-पिता के साथ हुई घटना साझा की है। NRI के मुताबिक, उनके माता-पिता बच्चे के जन्म के समय परिवार के साथ रहने के लिए अमेरिका पहुंचे थे। उनके पास करीब 5 महीने बाद भारत लौटने की टिकट थी, लेकिन मियामी एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने उनके पिता से कई सवाल पूछे और अमेरिका में रहने की अवधि घटाकर सिर्फ 2 महीने कर दी।
सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, उनके माता-पिता हैदराबाद से कतर एयरवेज के जरिए मियामी पहुंचे थे। उनके पास 11 फरवरी की वापसी टिकट थी। एयरपोर्ट पर अधिकारियों ने उन्हें सेकंडरी इंस्पेक्शन के लिए भेजा। पूछताछ के दौरान अधिकारी ने उनके पिता से पूछा कि जब वह भारत में नौकरी करते हैं तो उन्हें अमेरिका में 5 महीने तक रहने की जरूरत क्यों है।
इसके बाद अधिकारियों ने उन्हें केवल 2 महीने तक अमेरिका में रहने की अनुमति दी और 5 नवंबर तक वापस लौटने का निर्देश दिया। पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि उनके स्टेटस में बदलाव या रहने की अवधि बढ़ाने की अनुमति नहीं होगी। NRI ने सोशल मीडिया पर लोगों से इस मामले में कानूनी विकल्पों के बारे में सलाह मांगी।
सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि इमिग्रेशन अधिकारी द्वारा तय की गई अवधि का पालन करना जरूरी है। तय तारीख से अधिक समय तक अमेरिका में रुकना भविष्य में प्रवेश के लिए परेशानी पैदा कर सकता है।
कुछ यूजर्स ने यह भी संभावना जताई कि बच्चे की देखभाल में मदद करने के उद्देश्य से अमेरिका आना अधिकारियों के लिए सवाल खड़े करने वाला कारण हो सकता है। हालांकि, इस मामले में अंतिम निर्णय इमिग्रेशन अधिकारियों द्वारा पूछताछ और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर लिया गया होगा।
