हिमाचल प्रदेश सरकार ने जनवरी 2027 में नई दिल्ली में होने वाले ‘मेरा युवा भारत विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के लिए राज्य से एक लाख तक युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा है। शिमला में बुधवार को युवा, खेल एवं सेवा विभाग के विशेष सचिव नवीन तंवर ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य 15 से 29 वर्ष के युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचार, हुनर और रचनात्मकता दिखाने का अवसर देना है।
उन्होंने कहा कि ‘MY Bharat’ पोर्टल और ऐप के जरिए 29 वर्ष तक का कोई भी युवा पंजीकरण कर सकता है। इसमें स्कूल या कॉलेज में पढ़ना अनिवार्य नहीं है। युवाओं को क्विज, निबंध लेखन, प्रेजेंटेशन, लोक नृत्य, लोक गीत, नुक्कड़ नाटक, भाषण और पेंटिंग जैसी गतिविधियों में भाग लेने का मौका मिलेगा।
टेक्नोलॉजी, इनोवेशन और बिजनेस में रुचि रखने वाले युवाओं के लिए ‘Design for Bharat’, हैकाथॉन और ‘Entrepreneurship Challenge’ जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा देश से जुड़े मुद्दों पर युवाओं की राय सामने लाने के लिए ‘Youth Parliament’ का भी आयोजन किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, पिछले संस्करण में देशभर से करीब 50 लाख युवाओं ने हिस्सा लिया था। इस वर्ष एक करोड़ युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। पहल का उद्देश्य युवाओं को ‘MY Bharat’ से जोड़कर 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
