बिलासपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को तीन नए न्यायाधीश मिल गए हैं। केंद्र सरकार ने तीन न्यायिक अधिकारियों की हाईकोर्ट के जज के रूप में नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद केंद्रीय विधि मंत्रालय ने 8 सितंबर 2026 को नियुक्ति संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है।
संतोष शर्मा, सुषमा सावंत और सुधीर कुमार बने जज
जारी आदेश के मुताबिक संतोष शर्मा, सुषमा सावंत और सुधीर कुमार को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। तीनों न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति भारत के संविधान के अनुच्छेद 217(1) के तहत की गई है।
कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी नियुक्ति
राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि तीनों नवनियुक्त न्यायाधीश अपने-अपने पद का कार्यभार जिस तारीख को संभालेंगे, उसी दिन से उनकी नियुक्ति प्रभावी मानी जाएगी। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या में इजाफा होगा।
विधि मंत्रालय ने जारी किया नियुक्ति आदेश
तीनों न्यायिक अधिकारियों की नियुक्ति को लेकर केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद विधि एवं न्याय मंत्रालय की ओर से आधिकारिक आदेश जारी किया गया है। अब नियुक्त न्यायाधीश निर्धारित प्रक्रिया के तहत छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में पदभार ग्रहण करेंगे। तीन नए जजों की नियुक्ति से हाईकोर्ट में लंबित मामलों की सुनवाई और न्यायिक कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
