कोंडागांव जिले के विश्रामपुरी (बड़ेराजपुर) में आयोजित वनमंडल स्तरीय वन महोत्सव-2026 में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने मैंदा प्रजाति का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने ‘एक पेड़, एक जीवन’ का संकल्प दिलाते हुए प्रत्येक परिवार से पौधा लगाने और उसकी जिम्मेदारी लेने की अपील की।
वन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनआंदोलन बनाना समय की जरूरत है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में वन संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार और पर्यावरण संवर्धन के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी लेने और शासकीय संस्थानों में हरित परिसर विकसित करने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने ‘हमारा संकल्प-एक पेड़, एक जीवन; हरित भारत, स्वस्थ भारत’ की शपथ ली। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देने के लिए पौधों को राखी भी बांधी गई।
वन मंत्री ने कहा कि बस्तर विकास और शांति के नए दौर में आगे बढ़ रहा है। सरकार लघु वनोपज के संग्रहण और प्रसंस्करण के माध्यम से वनवासियों की आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने नागरिकों से पेड़ों की कटाई रोकने और अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को आर्थिक सहायता भी दी गई। राज मोहिनी देवी अनुदान योजना के तहत तीन हितग्राहियों को 2.30 लाख रुपये और प्रतिभाशाली छात्रवृत्ति योजना के तहत छह छात्राओं को 1.20 लाख रुपये वितरित किए गए। उत्कृष्ट तेंदूपत्ता संग्राहकों को प्रोत्साहन राशि दी गई।
वन संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली आठ संयुक्त वन प्रबंधन समितियों और 11 वन कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी, वन मंडलाधिकारी दिव्या गौतम, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी और ग्रामीण मौजूद रहे।
