रायगढ़, छत्तीसगढ़ में पर्यटन क्षेत्र को नई पहचान देने और पर्यटन से जुड़े उद्यमियों, संस्थाओं एवं व्यक्तियों के उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा लगातार दूसरे वर्ष ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान किए जाएंगे। इसके तहत पर्यटन क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले होटल, पंजीकृत टूर ऑपरेटर, जिले, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म साइट और एडवेंचर टूरिज्म संचालकों को सम्मानित किया जाएगा।
कुल 10 श्रेणियों में दिए जाएंगे पुरस्कार
‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ के तहत कुल 10 श्रेणियों में एक-एक पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। प्रत्येक विजेता को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और मेमेंटो दिया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
पुरस्कार की 10 श्रेणियां इस प्रकार हैं—
1. सर्वश्रेष्ठ होटल
2. सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर
3. सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड
4. सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार
5. CTB Star Performer – सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट
6. CTB Star Performer – पर्यटक सूचना केंद्र
7. सर्वश्रेष्ठ होमस्टे
8. सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
9. सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड
10. सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड
पर्यटन की पूरी श्रृंखला को प्रोत्साहन
इस पुरस्कार योजना में पर्यटन को केवल पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं रखा गया है। आतिथ्य, पर्यटन संचालन, जिला पर्यटन प्रबंधन, उद्यमिता, रिसॉर्ट सेवाएं, पर्यटक सहायता, होमस्टे, डिजिटल प्रचार, पर्यावरण संरक्षण और साहसिक पर्यटन जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान के दायरे में शामिल किया गया है।
बेहतर सेवाओं और नवाचार को मिलेगा सम्मान
सर्वश्रेष्ठ होटल श्रेणी में बेहतर सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराने वाले पर्यटन उद्यम का चयन किया जाएगा। इसके लिए MICE सुविधाओं, पिछले वित्तीय वर्ष के वित्तीय प्रदर्शन, वार्षिक कारोबार और आयोजित कार्यक्रमों की संख्या जैसे मानकों को आधार बनाया जाएगा। पर्यटन प्रचार, सतत पर्यटन, CSR गतिविधियों और रोजगार सृजन में योगदान को भी महत्व दिया जाएगा।
सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर का चयन आवास, परिवहन, दर्शनीय स्थलों की यात्रा, मनोरंजन और अन्य पर्यटन गतिविधियों के प्रभावी संचालन के साथ छत्तीसगढ़ पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयासों के आधार पर किया जाएगा। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी, इटिनरेरी और प्रचार सामग्री के माध्यम से पर्यटन प्रचार तथा वेबसाइट और सोशल मीडिया के उपयोग को भी मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।
पर्यटन विकास में उत्कृष्ट जिले को सम्मान
सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड के लिए ऐसे जिले का चयन किया जाएगा, जिसने पर्यटन के विकास, संवर्धन, गंतव्य प्रबंधन और घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में बेहतर कार्य किया हो। पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, हरित उपाय, प्रकृति आधारित गतिविधियां, ग्रामीण जीवनशैली, संस्कृति और पर्यटन के माध्यम से रोजगार सृजन जैसे पहलुओं को भी मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।
पर्यटन स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को मिलेगा मंच
पर्यटन क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार रखा गया है। नए विचारों, तकनीक, सेवाओं और व्यावसायिक मॉडलों के जरिए छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा देने वाले स्टार्टअप और व्यक्तिगत उद्यमियों को इस श्रेणी में पहचान दी जाएगी।
रिसॉर्ट और पर्यटक सूचना केंद्र भी होंगे सम्मानित
CTB Star Performer की दो श्रेणियों में पर्यटन बोर्ड की प्रीमियम एवं बजट श्रेणी की इकाइयों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले रिसॉर्ट और उल्लेखनीय बुकिंग उपलब्ध कराने वाले पर्यटक सूचना केंद्रों को सम्मानित किया जाएगा। सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट के चयन में टर्नओवर, लाभप्रदता और अधिभोग प्रतिशत जैसे मानकों को आधार बनाया जाएगा।
होमस्टे से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने वालों का सम्मान
सर्वश्रेष्ठ होमस्टे के चयन में राजस्व, वार्षिक वृद्धि दर, बुकिंग की संख्या और घरेलू पर्यटकों की संख्या के साथ पर्यटकों को दी जाने वाली सुविधाएं, ग्राहक समीक्षा, शिकायत निवारण प्रणाली और दिव्यांग पर्यटकों के लिए सुविधाओं को महत्व दिया जाएगा। स्थानीय उत्पादों एवं व्यंजनों को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के अवसर पैदा करने वाले प्रयासों को भी प्राथमिकता मिलेगी।
सोशल मीडिया के जरिए पर्यटन प्रचार करने वालों को पुरस्कार
सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रेणी में छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों पर आधारित रील्स, वीडियो और अन्य डिजिटल कंटेंट के माध्यम से राज्य के पर्यटन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को सम्मानित किया जाएगा। फेसबुक, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर कंटेंट की पहुंच और पिछले तीन वर्षों के प्रदर्शन को मूल्यांकन का हिस्सा बनाया जाएगा।
इको-टूरिज्म और पर्यावरण संरक्षण पर जोर
सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड के जरिए पर्यावरण-अनुकूल और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने वाली परियोजनाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए परियोजना का छत्तीसगढ़ में स्थित होना और कम से कम दो वर्षों से संचालित होना आवश्यक है। नवीकरणीय ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे मानकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने वालों को भी सम्मान
सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड छत्तीसगढ़ में कैंपिंग और अन्य साहसिक गतिविधियां संचालित करने वाले श्रेष्ठ संचालक को दिया जाएगा। गंतव्य प्रबंधन, पर्यटकों की संख्या, पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल और गतिविधियों से प्राप्त राजस्व के साथ पर्यटकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुभव उपलब्ध कराने के प्रयासों का भी मूल्यांकन किया जाएगा।
15 सितंबर तक भेज सकेंगे आवेदन
इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और पात्र पर्यटन क्षेत्र के हितधारक अपनी प्रविष्टियां [it@visitcg.in](mailto:it@visitcg.in) पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट [www.tourism.cgstate.gov.in](http://www.tourism.cgstate.gov.in) पर उपलब्ध है। आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 है।
प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन राज्य पर्यटन विभाग/निर्णायक समिति द्वारा निर्धारित पात्रता और मूल्यांकन मानदंडों के आधार पर किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से पर्यटन क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, नवाचार, सतत पर्यटन, गुणवत्तापूर्ण सेवाओं, रोजगार सृजन और डिजिटल प्रचार को बढ़ावा देने के साथ छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और साहसिक पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
