अभिनेता अमिताभ बच्चन ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई तबाही पर गहरा दुख और चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि नेपाल में तबाही का मंजर देखना असहनीय है। बच्चन ने शनिवार को अपने ब्लॉग पर एक पोस्ट साझा कर इस प्राकृतिक आपदा पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
बुधवार को तिब्बत सीमा से लगे नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। बाढ़ के कारण सैकड़ों लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग अभी भी लापता हैं। मानव बस्तियों के साथ-साथ सड़कें, पुल और जलविद्युत से जुड़ा बुनियादी ढांचा भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा कि नेपाल में बाढ़ से हुई तबाही का मंजर देखना बेहद असहनीय है। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रकोप का इंसान मुकाबला नहीं कर सकता और ऐसे समय में ईश्वरीय शक्ति के सामने नतमस्तक होने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचता।
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे मुश्किल वक्त में लोगों के लिए प्रार्थना ही सबसे बड़ा सहारा है। बच्चन ने आपदा में प्रभावित लोगों के लिए संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अंततः प्रार्थना से बढ़कर कुछ नहीं है।
इस बीच नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 626 हो गई है। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार प्रभावित इलाकों से लगातार शव बरामद किए जा रहे हैं और लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।
