राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में NEET पेपर लीक विवाद को लेकर जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने एहतियात के तौर पर जंतर-मंतर जाने वाले मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। साथ ही राजीव चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, पटेल चौक और बाराखंभा रोड मेट्रो स्टेशनों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस टीमें इन मेट्रो स्टेशनों के बाहर यात्रियों की आवाजाही पर नजर रख रही हैं और जंतर-मंतर की ओर जाने वाले लोगों की संख्या का आकलन कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
इससे पहले ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संसद मार्च के दौरान सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो के कई स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। बाद में स्थिति सामान्य होने पर इन्हें चरणबद्ध तरीके से दोबारा खोल दिया गया। इस दौरान तकनीकी कारणों से वायलेट लाइन की सेवाएं भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहीं।
वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने विरोध मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ अत्यधिक बल प्रयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने छात्रों के साथ मारपीट की और उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
इधर, संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा और रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के एक जवान पर कथित हमले के मामले में दिल्ली पुलिस ने नौ से अधिक एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की जांच जारी है।
