Nikhil Chaudhary In Australia T20 Squad : नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान किया है, जिसमें भारत में जन्मे क्रिकेटर निखिल चौधरी को भी शामिल किया गया है। 1996 में दिल्ली में जन्मे निखिल का क्रिकेट करियर भारत से शुरू हुआ था, जहां उन्होंने पंजाब की अंडर-16, अंडर-19 और अंडर-22 टीमों का प्रतिनिधित्व किया। वे पंजाब की रणजी टीम का भी हिस्सा रहे, हालांकि उन्हें फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका नहीं मिल सका।
पंजाब से ऑस्ट्रेलिया तक का अनोखा सफर
निखिल चौधरी एक स्पिन ऑलराउंडर हैं और मध्यक्रम में बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। भारत में अवसर सीमित रहने के बाद वे ऑस्ट्रेलिया चले गए, जहां उन्होंने अपने क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाया। कोविड महामारी के दौरान वे अपने रिश्तेदारों के पास क्वींसलैंड गए और वहीं से ऑस्ट्रेलियाई घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बनानी शुरू की।
ट्रैविस हेड की जगह मिला मौका
बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज में निखिल चौधरी को ट्रैविस हेड की जगह टीम में शामिल किया गया है। हेड ने निजी कारणों से सीरीज से नाम वापस ले लिया था। निखिल 12 जून को बांग्लादेश में ऑस्ट्रेलियाई टीम से जुड़ेंगे। अब उनके सामने टीम में जगह पक्की करने के लिए आरोन हार्डी और जोएल डेविस जैसे खिलाड़ियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा होगी।
डेब्यू पर टिकी नजरें
ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच टी20 सीरीज की शुरुआत 17 जून से होनी है। ऐसे में सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या निखिल चौधरी को अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका मिलता है या नहीं। यदि वे मैदान पर उतरते हैं, तो वे उन चुनिंदा भारतीय मूल के खिलाड़ियों में शामिल हो जाएंगे जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पुरुष टीम का प्रतिनिधित्व किया है।
