जांजगीर-चांपा जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने केवा (नवापारा) और हाथनेवरा क्षेत्र में औचक जांच अभियान चलाकर कुल 11 वाहनों को जब्त किया।
खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर 5 हाईवा और 6 ट्रैक्टर जब्त किए गए। इनमें से 9 वाहनों को पुलिस लाइन खोखरा और 2 ट्रैक्टरों को थाना नवागढ़ में सुरक्षित रखा गया है।
संयुक्त टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान नवापारा रेत खदान के पहुंच मार्ग को जेसीबी मशीन की मदद से काटकर अवरुद्ध किया गया, ताकि अवैध खनन और परिवहन गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दर्ज मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिले के कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए तथा लगातार सख्त कार्रवाई जारी रखी जाए। प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
