धमतरी, 30 मई 2026। आगामी खरीफ सीजन में किसानों को समय पर और निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के निर्देशन में कृषि विभाग और उर्वरक विक्रेताओं की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री गजेन्द्र ठाकुर ने की।
बैठक में उर्वरक भंडारण और वितरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए किसानों को बिना किसी परेशानी के उर्वरक उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने थोक और फुटकर विक्रेताओं को शासन द्वारा निर्धारित मानकों और कीमतों का पालन करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि जिले में उर्वरक वितरण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। निरीक्षण दल और उड़नदस्ता टीम नियमित जांच कर रही हैं ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी, निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, अनिवार्य टैगिंग या वितरण संबंधी अन्य गड़बड़ियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विक्रेताओं ने भी प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और किसानों के हित में सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान उर्वरक विक्रेताओं ने खरीद-बिक्री प्रक्रिया से जुड़ी अपनी व्यावहारिक समस्याएं और सुझाव भी साझा किए। प्रशासन ने इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक मामलों को शासन स्तर तक पहुंचाने और समाधान की पहल करने की बात कही।
बैठक में उप संचालक कृषि श्री मोनेष कुमार साहू, अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री मनोज सागर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, उर्वरक निरीक्षक तथा धमतरी, कुरूद, मगरलोड और नगरी विकासखंडों के बड़ी संख्या में उर्वरक विक्रेता उपस्थित रहे।
प्रशासन का मानना है कि इस सकारात्मक संवाद से जिले की उर्वरक वितरण व्यवस्था और अधिक पारदर्शी, सुगम तथा किसान हितैषी बनेगी।
