Weather News : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में सोमवार को भीषण गर्मी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। यहां तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो इस समय दुनिया का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। इससे पहले बांदा में 30 अप्रैल 2022 और 25 अप्रैल 2026 को 47.4°C तापमान रहा था।
राजस्थान के जैसलमेर में 46.4°C और मध्य प्रदेश के खजुराहो में 46°C तापमान दर्ज हुआ, जो खजुराहो में पिछले 10 साल का सबसे उच्चतम तापमान है। इसके अलावा बाड़मेर (46°C), वर्धा (46.5°C), अमरावती (46.6°C) और अकोला (46.3°C) में भी पारा 46°C के पार पहुंच गया।
अस्पतालों में हीट स्ट्रोक यूनिट बनाने के निर्देश
बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश जारी किए हैं कि हर अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्र में हीट स्ट्रोक मैनेजमेंट यूनिट शुरू की जाए।
दिल्ली में आम लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए बसों में ठंडा पानी रखा जाएगा और बस स्टॉप पर मुफ्त ORS तथा ठंडा पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
अगले दो दिनों का मौसम
29 अप्रैल: मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और महाराष्ट्र में हीटवेव का अलर्ट जारी। वहीं असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश तथा उत्तराखंड में ओलावृष्टि, बिजली और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक वाले तूफान की आशंका।
30 अप्रैल: ओडिशा में गर्म और उमस भरा मौसम, छत्तीसगढ़-झारखंड में आंधी-ओलावृष्टि, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली में बिजली-आंधी, जबकि बिहार, राजस्थान, यूपी, तेलंगाना और हिमाचल में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाओं के साथ गरज-चमक संभव।
अप्रैल में 45 बार पारा 45°C पार, मई में और बढ़ेगी गर्मी
इस साल अप्रैल में अब तक देश के विभिन्न मौसम केंद्रों पर 45 बार तापमान 45°C से ऊपर पहुंच चुका है, जो 2022 के बाद सबसे अधिक है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, लेकिन इसका असर खत्म होते ही मई के पहले सप्ताह से पारा फिर चढ़ेगा। राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में पारा 48-50°C तक पहुंच सकता है।
बारिश-ओले से राहत, कई राज्यों में अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 28 अप्रैल को 13 राज्यों में बारिश-तूफान की संभावना है। राजस्थान में पिछले 24 घंटे में कई जगहों पर आंधी-बारिश के साथ ओले गिरे। मंगलवार को 11 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है।
बिहार में 36 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें 14 जिलों के लिए ऑरेंज और 24 के लिए येलो अलर्ट है। पंजाब और चंडीगढ़ में भी मौसम बदल गया है, जहां लुधियाना और जालंधर में बारिश हुई है।
देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और कुछ इलाकों में बारिश-ओलावृष्टि का मिश्रित मौसम जारी है। लोगों को सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
