PM Modi Sikkim Visit : सिक्किम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिक्किम के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। मंगलवार को गंगटोक में उन्होंने स्थानीय बच्चों और युवाओं के साथ फुटबॉल खेलकर सभी का दिल जीत लिया। पीएम मोदी स्पोर्टी लुक में फुटबॉल मैदान पर नजर आए और बच्चों के साथ खूब मस्ती की। इस दौरान की तस्वीरें और वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किए, जो तेजी से वायरल हो रहे हैं।
सिक्किम की खूबसूरत सुबह में युवा मित्रों के साथ फुटबॉल खेलने का मजा ही कुछ और
प्रधानमंत्री ने पोस्ट में लिखा, “सिक्किम के गंगटोक की खूबसूरत सुबह में अपने युवा मित्रों के साथ फुटबॉल खेलने का मजा ही कुछ और है!” वीडियो में पीएम मोदी बच्चों के बीच बेहद सहज और उत्साही नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी इस पहल की खूब सराहना की है और कहा कि यह युवाओं को खेल व फिटनेस की ओर प्रेरित करने वाला सकारात्मक कदम है।
ऑर्किडेरियम का दौरा और स्वर्ण जयंती समारोह
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री गंगटोक स्थित स्वर्ण जयंती मैत्री मंजिरो पार्क में बने ऑर्किडेरियम का भी भ्रमण करेंगे। यह केंद्र राज्य की समृद्ध जैव विविधता और पुष्प विरासत को प्रदर्शित करेगा।
इसके अलावा पीएम मोदी पालजोर स्टेडियम में सिक्किम राज्य स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के समापन समारोह में शामिल होंगे। इस मौके पर वे राज्यभर में 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।
स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र
स्वास्थ्य क्षेत्र में:
- नामची जिले के यांगांग में 100 बेड वाले आयुर्वेद अस्पताल की आधारशिला
- देवराली में 30 बिस्तरों वाले एकीकृत सोवा रिग्पा अस्पताल का उद्घाटन
शिक्षा क्षेत्र में:
- सिक्किम विश्वविद्यालय का स्थायी परिसर
- नेताजी सुभाष चंद्र बोस यूनिवर्सिटी ऑफ एक्सीलेंस का प्रशासनिक भवन
- हेलन लेपचा मेडिकल कॉलेज और डेंटम प्रोफेशनल कॉलेज का उद्घाटन
- 160 स्कूलों में आईटी आधारित आधुनिक शैक्षणिक ढांचे की शुरुआत
कनेक्टिविटी पर फोकस
कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए पीएम मोदी:
- सिरवानी और लोअर समदोंग में तीस्ता नदी पर दो दोहरे लेन वाले स्टील मेहराबदार पुलों की आधारशिला रखेंगे
- किचुदुमरा-बिरधांग-नामची सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का उद्घाटन करेंगे
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा सिक्किम के स्वर्ण जयंती वर्ष में विकास की नई गति देने वाला माना जा रहा है। यह पूर्वोत्तर के समग्र और समावेशी विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
