PM Modi Address Nation On Women Reservation Bill: नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्र के नाम संबोधन में महिला आरक्षण बिल के विरोध को लेकर विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि विपक्ष ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करके बड़ा पाप किया है और इसके लिए उसे निश्चित रूप से दंड मिलेगा।
वंशवादी पार्टियों का डर
प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने का एक बड़ा कारण इन वंशवादी पार्टियों का डर है। अगर महिलाएं सशक्त हो गईं, तो इन परिवारवादी दलों की लीडरशिप खतरे में पड़ जाएगी। वे कभी नहीं चाहेंगे कि उनके परिवार के बाहर की महिलाएं आगे बढ़ें और नेतृत्व करें।
यूपी की महिलाएं सपा को नहीं भूलेंगी
पीएम मोदी ने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश की महिलाओं का जिक्र करते हुए कहा, “यूपी की महिलाएं सपा को नहीं भूलेंगी।” उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का काम सिर्फ झूठ बोलना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा देश में बंटवारे वाली राजनीति की है और डिलिमिटेशन को लेकर भी झूठ फैलाया।
कांग्रेस एंटी-रिफॉर्म पार्टी
पीएम मोदी ने कांग्रेस, TMC और DMK को “एंटी-रिफॉर्म पार्टी” करार देते हुए कहा कि इन दलों ने महिला आरक्षण का विरोध कर साबित कर दिया कि वे देश के विकास और सुधार के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सुधारों को लटकाने, भटकाने और अटकाने का काम किया है।
‘महिलाओं को उनका हक मिलेगा’
प्रधानमंत्री ने देश की महिलाओं को विश्वास दिलाते हुए कहा, “मैं हर नारी को आश्वासन देता हूं कि हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को दूर करेंगे।” उन्होंने कहा कि बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत नहीं मिला, लेकिन देश की 100 प्रतिशत नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है।
पीएम मोदी ने स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार महिलाओं को उनका हक दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी और वंशवादी दलों की स्वार्थपूर्ण राजनीति को कभी सफल नहीं होने देगी।
यह संबोधन महिला आरक्षण बिल के लोकसभा में गिरने के बाद आया है, जिसमें विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली थी।
