रायपुर। छत्तीसगढ़ में अप्रैल महीने में ही जून जैसी भीषण गर्मी पड़ने लगी है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज होगा। अगले चार दिनों के भीतर प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। वर्तमान में जिन शहरों का तापमान 40 डिग्री के आसपास है, वहां पारा बढ़कर 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और फिलहाल किसी भी प्रकार की वर्षा की संभावना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, आज से बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ क्षेत्रों में लू चलने की संभावना जताई गई है। प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली नहीं होने के कारण गर्मी लगातार बढ़ रही है और लोगों को आने वाले दिनों में और अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है।
राजधानी रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है, जहां अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 17.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में भी अब तापमान तेजी से बढ़ेगा।
आज रायपुर में आसमान पूरी तरह साफ रहने की संभावना है और तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
अन्य शहरों की बात करें तो बिलासपुर में 40.5 डिग्री, राजनांदगांव में 39.4 डिग्री, दुर्ग में 39.0 डिग्री, जगदलपुर में 38.9 डिग्री और अंबिकापुर में 36.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।
