छत्तीसगढ़ मंत्रालय में ई-ऑफिस और बायोमेट्रिक अटेंडेंस व्यवस्था के बेहतर क्रियान्वयन से कार्य संस्कृति में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव Vikas Sheel ने ई-ऑफिस में उत्कृष्ट कार्य और समयबद्ध बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया।
मुख्य सचिव ने कहा कि मंत्रालय के अधिकारी और कर्मचारी ई-ऑफिस प्रणाली को तेजी से अपना रहे हैं, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता आई है। साथ ही, बायोमेट्रिक अटेंडेंस के माध्यम से कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित हो रही है, जिससे कार्य निष्पादन में सुधार हुआ है।
उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से समय पर कार्यालय पहुंचकर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की और ई-फाइल सिस्टम के प्रभावी उपयोग के लिए प्रशिक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। सामान्य प्रशासन विभाग को निर्देश दिए गए कि जरूरतमंद कर्मचारियों के लिए व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया जाए।
इस अवसर पर विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। संयुक्त सचिव, उप सचिव, अवर सचिव, अनुभाग अधिकारी और अन्य स्तरों पर बेहतर कार्य करने वालों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
विभागीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए गृह विभाग को प्रथम, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग को द्वितीय और खेल एवं युवा कल्याण विभाग को तृतीय स्थान मिला।
कार्यक्रम में मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
