दुर्ग, सोशल मीडिया पर वायरल रील के चलते एक युवक को थाने में ही सबक सिखाया गया। मामला उतई थाना परिसर का है, जहां एक युवक ने ‘आज जेल, कल बेल, परसों फिर वही खेल…’ गाने पर रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी थी।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और रील में दिख रहे युवक की पहचान हुकेश उर्फ हुक्का साहू के रूप में की गई। उसे थाने बुलाकर उठक-बैठक कराई गई और ‘मुर्गा’ भी बनाया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हाल ही में जेल से जमानत पर छूटकर आया था। उसके खिलाफ नेवई थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है और वह 4 अप्रैल को ही जमानत पर बाहर आया था।
इस रील को बनाने में सहयोग करने वाले उसके साथी कनक चतुर्वेदी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी स्टेशन पारा मरौदा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि थाने जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
