PM Modi : नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि 16 अप्रैल से संसद में महिला आरक्षण पर ऐतिहासिक चर्चा शुरू होगी। उन्होंने इसे 21वीं सदी का सबसे बड़ा और निर्णायक फैसला बताया।
PM मोदी का ऐलान
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत अब एक नया इतिहास रचने जा रहा है। 16, 17 और 18 अप्रैल की तारीखें इस दिशा में बेहद महत्वपूर्ण होंगी। उन्होंने कहा, “यह फैसला नारी शक्ति को समर्पित है, उनके सम्मान को समर्पित है। हम सामाजिक न्याय को केवल नारा नहीं, बल्कि अपनी कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाने जा रहे हैं।”
लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष भी मौजूद
कार्यक्रम में लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार भी मौजूद रहीं। प्रधानमंत्री ने कहा कि दशकों से लंबित महिला आरक्षण मुद्दे पर अब निर्णायक समय आ गया है। 2023 में नई संसद भवन में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ सर्वसम्मति से पारित किया गया था। अब इसे लागू करने की दिशा में संसद में विस्तृत चर्चा होगी।
2029 तक लागू करने पर सहमति
पीएम मोदी ने बताया कि सभी दलों की व्यापक सहमति है कि इस कानून को 2029 तक लागू किया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी सभी राजनीतिक दल मिलकर इस ऐतिहासिक कदम को आगे बढ़ाएंगे।
प्रधानमंत्री ने देश की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह फैसला देश की माताओं और बहनों को समर्पित है और उनके आशीर्वाद से ही यह संभव हो पाया है।
