बालोद। बालोद जिले के रहने वाले दिव्यांग खिलाड़ी तोमन कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज में स्वर्ण पदक जीत लिया है। बैंकॉक में आयोजित इस प्रतियोगिता में उनके शानदार प्रदर्शन ने पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।
तोमन कुमार वर्तमान में बिलासपुर के राज्य प्रशिक्षण केंद्र में अभ्यास कर रहे हैं। उन्होंने इससे पहले 7वीं एनटीपीसी पैरा राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत और टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की थी। यह प्रतियोगिता पटियाला के एनएसआईएस में आयोजित हुई थी।
टीम स्पर्धा में उन्होंने अमित कीर्तनिया के साथ मिलकर स्वर्ण पदक हासिल किया। वे पिछले दो वर्षों से बिलासपुर आर्चरी एकेडमी में नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं और मनमोहन पटेल के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे हैं। उनके प्रदर्शन में प्रशिक्षक पंकज सिंह का भी अहम योगदान रहा है।
नक्सल ऑपरेशन में गंवाया पैर, नहीं टूटा हौसला
तोमन कुमार पहले सीआरपीएफ के जवान रह चुके हैं। नक्सल ऑपरेशन के दौरान आईईडी ब्लास्ट में उन्होंने अपना बायां पैर खो दिया था। इस कठिन परिस्थिति के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और खेल को अपना लक्ष्य बनाकर पैरा तीरंदाजी में नई पहचान बनाई।
पैरा ओलंपिक है अगला लक्ष्य
तोमन कुमार का सपना अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना और पैरा ओलंपिक में पदक जीतना है। उनकी इस सफलता से पूरे छत्तीसगढ़ में गर्व और उत्साह का माहौल है।
उनकी यह उपलब्धि न सिर्फ खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह साबित करती है कि मजबूत इरादों के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती।
