एक नई मेडिकल रिसर्च में यह सामने आया है कि सुबह के समय नियमित कसरत करने से कई गंभीर बीमारियों का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है। अध्ययन के अनुसार, सुबह 7 से 8 बजे के बीच एक्सरसाइज करना स्वास्थ्य के लिए सबसे अधिक लाभकारी माना गया है।
शोध में पाया गया कि इस समय वर्कआउट करने वाले लोगों में हार्ट डिजीज, टाइप 2 डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और मोटापे जैसी समस्याओं का जोखिम अन्य समय पर कसरत करने वालों की तुलना में काफी कम रहता है। रिसर्च के दौरान करीब 15,000 लोगों के डेटा का विश्लेषण किया गया, जिसमें वियरेबल डिवाइसेस के जरिए उनकी हार्ट रेट और गतिविधियों पर नजर रखी गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, सुबह व्यायाम करने वालों में मोटापे का खतरा करीब 35 प्रतिशत तक कम देखा गया। इसके अलावा दिल की बीमारियों का जोखिम 31 प्रतिशत, टाइप 2 डायबिटीज का खतरा 30 प्रतिशत, हाई कोलेस्ट्रॉल 21 प्रतिशत और हाई ब्लड प्रेशर का खतरा 18 प्रतिशत तक कम पाया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार, इसके पीछे शरीर की जैविक घड़ी यानी सर्केडियन रिदम की भूमिका अहम होती है। सुबह के समय शरीर में कोर्टिसोल हार्मोन का स्तर स्वाभाविक रूप से अधिक होता है, जो शरीर को सक्रिय बनाता है और ऊर्जा स्तर बढ़ाने में मदद करता है। ऐसे में इस समय की गई कसरत पूरे दिन शरीर को सक्रिय बनाए रखने में सहायक होती है।
हालांकि, विशेषज्ञ यह भी मानते हैं कि केवल समय ही नहीं, बल्कि नियमितता सबसे महत्वपूर्ण है। यदि सुबह कसरत करना संभव न हो, तो दिन के किसी भी समय किया गया नियमित व्यायाम भी स्वास्थ्य के लिए लाभकारी रहता है।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से दी गई है। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या के लिए चिकित्सक की सलाह लेना आवश्यक है।
