छत्तीसगढ़ शासन श्रम विभाग के निर्देशानुसार श्रमिक सम्मेलन-2026 का आयोजन उत्तर बस्तर कांकेर जिले के सामुदायिक भवन अंतागढ़ में किया गया। कार्यक्रम में लोकसभा क्षेत्र कांकेर के सांसद भोजराज नाग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अंतागढ़ के अध्यक्ष राधेलाल नाग ने की।
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल एवं छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल के अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जिले के श्रमिकों और उनके परिवारजनों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए राशि हस्तांतरित कर लाभान्वित किया गया।
सांसद भोजराज नाग ने उपस्थित श्रमिकों और उनके परिजनों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने और इनके प्रति जागरूक रहने की अपील की। नगर पंचायत अध्यक्ष राधेलाल नाग ने भी शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा लाभार्थी श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के तहत चेक वितरित किए गए।
श्रम पदाधिकारी ने जानकारी दी कि सम्मेलन में जिले के कुल 7930 श्रमिकों को 2 करोड़ 29 लाख 17 हजार 100 रुपये की राशि से लाभान्वित किया गया। इसमें छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना में 101 हितग्राहियों को 20 लाख 20 हजार रुपये, मिनीमाता महतारी जतन योजना में 89 महिला हितग्राहियों को 17 लाख 80 हजार रुपये, मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना में 50 हितग्राहियों को 2 लाख 59 हजार 100 रुपये, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना में 28 हितग्राहियों को 5 लाख 60 हजार रुपये प्रदान किए गए।
इसी प्रकार मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के तहत 19 श्रमिकों के उत्तराधिकारियों को 1 करोड़ 90 लाख रुपये, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक आवास सहायता योजना के तहत 4 श्रमिकों को 4 लाख रुपये तथा दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के अंतर्गत 1 महिला हितग्राही को 1 लाख रुपये डीबीटी के माध्यम से प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अतिथि एवं श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।
