Shahid Kapoor Birthday: मुंबई। हिंदी सिनेमा के प्रतिभाशाली अभिनेताओं में शुमार शाहिद कपूर आज 45 वर्ष के हो गए हैं। उनका जन्म 25 फरवरी 1981 को अभिनेता पंकज कपूर और अभिनेत्री नीलिमा अजीम के घर हुआ था। साल 2003 में फिल्म ‘इश्क विश्क’ से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा और अपनी चॉकलेटी इमेज के कारण युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो गए।
Shahid Kapoor Biography : शुरुआत में मिली पहचान, फिर आई असफलताओं की लंबी कतार
‘इश्क विश्क’ से पहचान तो मिली, लेकिन इसके बाद शाहिद का करियर लगातार उतार-चढ़ाव से गुजरता रहा। ‘फिदा’, ‘दिल मांगे मोर’, ‘दीवाने हुए पागल’, ‘वाह! लाइफ हो तो ऐसी’ और ‘शिखर’ जैसी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकीं। वर्ष 2006 में आई ‘36 चाइना टाउन’ ने औसत प्रदर्शन किया, लेकिन फिल्म ‘विवाह’ ने उनके करियर को नई दिशा दी। इस पारिवारिक फिल्म ने उन्हें मजबूत अभिनेता के रूप में स्थापित किया।
इसके बाद ‘जब वी मेट’ ने शाहिद की छवि को और निखारा और उन्हें एक संजीदा अभिनेता के रूप में पहचान दिलाई। हालांकि आगे चलकर ‘फूल एन फाइनल’, ‘किस्मत कनेक्शन’, ‘दिल बोले हडिप्पा’, ‘चांस पे डांस’, ‘पाठशाला’, ‘मौसम’, ‘तेरी मेरी कहानी’, ‘शानदार’, ‘रंगून’, ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ और ‘जर्सी’ जैसी कई फिल्में उम्मीदों पर खरी नहीं उतरीं। अपने 23 साल के करियर में शाहिद करीब 19 असफल फिल्में दे चुके हैं।
हर बार की दमदार वापसी
असफलताओं के बावजूद शाहिद ने कभी हार नहीं मानी। फिल्म ‘कबीर सिंह’ ने उनके करियर को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 278 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर रिकॉर्ड बनाए। ‘पद्मावत’ में उनका किरदार भी चर्चा में रहा, जबकि ‘उड़ता पंजाब’ में उनके अभिनय की समीक्षकों ने खूब सराहना की।
Shahid Kapoor Biography : डांस से लेकर अभिनय तक का सफर
शाहिद ने अपनी शुरुआती पढ़ाई मुंबई के राजहंस विद्यालय से की और आगे की पढ़ाई मीठीबाई कॉलेज में की। पढ़ाई के साथ-साथ उनका झुकाव अभिनय और नृत्य की ओर रहा। उन्होंने प्रसिद्ध कोरियोग्राफर श्यामक डावर से पेशेवर नृत्य प्रशिक्षण लिया, जिसने उनके करियर को नई दिशा दी।
शुरुआत में उन्होंने फिल्मों ‘दिल तो पागल है’ और ‘ताल’ में बैकग्राउंड डांसर के रूप में काम किया। संघर्ष के दिनों में उन्हें आर्थिक तंगी का सामना भी करना पड़ा। कई बार ऑडिशन के लिए उन्हें दोस्तों से कपड़े उधार लेने पड़ते थे और लंबे इंतजार के बाद भी मौका नहीं मिलता था। लेकिन उन्होंने मेहनत और धैर्य से अपनी अलग पहचान बनाई।
वर्तमान प्रोजेक्ट और बहुमुखी पहचान
इन दिनों उनकी फिल्म ‘ओ रोमियो’ सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है, जिसमें वे एक्शन अंदाज में नजर आ रहे हैं। हिट और फ्लॉप के लंबे सफर के बावजूद शाहिद कपूर ने खुद को एक बहुमुखी अभिनेता के रूप में साबित किया है।
