राज्यपाल रमेन डेका की पहल पर आमजन को लोकभवन की गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से चलाए जा रहे भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत आज बेमेतरा जिले के गोद ग्राम टेमरी के ग्रामीणों ने लोकभवन का अवलोकन किया।
ग्राम टेमरी के जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूहों के सदस्य तथा अन्य ग्रामीण सरपंच शिवमूर्ति कोसले और विहान स्व-सहायता समूह की प्रमुख गीता बंजारे के नेतृत्व में रायपुर पहुंचे। भ्रमण के दौरान उन्हें लोकभवन परिसर स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम, उदंती परिसर, कन्हार परिसर, डिस्पेंसरी एवं सचिवालय की विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
ग्रामीणों ने परिसर के उद्यानों का अवलोकन किया तथा वर्ष 1971 के भारत-पाक युद्ध में उपयोग की गई ऐतिहासिक तोप को भी देखा। अधिकारियों द्वारा उन्हें प्रशासनिक प्रक्रियाओं और लोकभवन की विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
भ्रमण के पश्चात ग्रामीणों ने इसे ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव बताया। उल्लेखनीय है कि ग्राम टेमरी को राज्यपाल श्री डेका ने गोद लिया है और गांव के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
