Suryakumar Yadav Visit Tirumala Temple: मुंबई। भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप से पहले आध्यात्मिक शरण ली है। उन्होंने अपनी पत्नी देविशा शेट्टी के साथ आंध्र प्रदेश स्थित तिरुमाला के प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की। वैकुंठ एकादशी के पावन अवसर पर हुए इस दर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मंगलवार को सूर्यकुमार यादव पारंपरिक वेशभूषा में मंदिर पहुंचे, जहां तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) के अधिकारियों ने उनके दर्शन की विशेष व्यवस्था की। पूजा के बाद मंदिर के रंगनायकुलावरी मंडपम में पुजारियों ने उन्हें आशीर्वाद दिया। इस दौरान उन्होंने तीर्थ प्रसाद ग्रहण किया और भगवान को वस्त्र भी अर्पित किए। मंदिर परिसर में मौजूद भक्तों और कर्मचारियों ने भारतीय कप्तान और उनकी पत्नी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
न्यूजीलैंड सीरीज और वर्ल्ड कप पर नजर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 वनडे और 5 टी20 मैचों की अहम सीरीज खेलनी है। टी20 सीरीज की शुरुआत 21 जनवरी से होगी। इस सीरीज और वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम की कमान सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है, जिससे उन पर बड़ी जिम्मेदारी है।
फॉर्म को लेकर बढ़ी चिंता
टी20 फॉर्मेट में कभी दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाज माने जाने वाले सूर्यकुमार यादव इस समय खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। साल 2025 उनके लिए अब तक निराशाजनक रहा है। आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 23 टी20 मैचों में वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं, जो टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। भारत मौजूदा चैंपियन है, जिसने 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब जीता था। ऐसे में खिताब की रक्षा के लिए सूर्यकुमार यादव का फॉर्म में लौटना टीम इंडिया के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
