रायपुर। राजधानी रायपुर के यातायात को व्यवस्थित करने और रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक सफर को निर्बाध बनाने के लिए शहर में कई फ्लाईओवर निर्माण की योजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। उपमुख्यमंत्री साव की मंजूरी के बाद लोक निर्माण विभाग ने जीई रोड पर गुरू तेगबहादुर उद्यान से नेताजी सुभाष चौक होते हुए गुरूनानक चौक तक फ्लाईओवर निर्माण के लिए 173 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
करीब 1.5 किलोमीटर लंबा और 16.61 मीटर चौड़ा फोरलेन फ्लाईओवर बनने से जीई रोड पर गुरू तेगबहादुर उद्यान से लेकर गुरूनानक चौक तक यातायात अत्यंत सुगम होगा। इसके निर्माण के बाद शंकर नगर चौक, केनाल रोड क्रॉसिंग और गुरूनानक चौक में लंबे समय से बनी ट्रैफिक जाम की समस्याएं काफी हद तक समाप्त हो जाएंगी।
इस फ्लाईओवर को चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल किया गया था। परियोजना पूरी होने के बाद नगर घड़ी चौक से निकलने वाला यातायात सीधे तेलीबांधा थाना तक पहुंच सकेगा। साथ ही नगर घड़ी चौक का ट्रैफिक तेलीबांधा चौक के पहले बाईं ओर मुड़कर अटल एक्सप्रेस-वे के माध्यम से सीधे एयरपोर्ट तक पहुंचेगा, जिससे यात्रियों के समय की बचत होगी और ट्रैफिक दबाव भी कम होगा।
फ्लाईओवर के निर्माण से रायपुर शहर को मिलने वाली यह बड़ी सुविधा न केवल दैनिक आवागमन को आसान बनाएगी, बल्कि पूरे शहर के यातायात प्रबंधन को नई दिशा देगी।
