Raipur : रायपुर। शहर के प्रमुख स्थल तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) में पार्किंग के लिए अब शुल्क वसूलने की व्यवस्था शुरू कर दी गई है, जिससे स्थानीय नागरिकों में आक्रोश फैल गया है। नगर निगम द्वारा ठेके पर संचालित इस पार्किंग व्यवस्था के तहत मॉर्निंग-ईवनिंग वॉक या घूमने आने वालों को भी हर बार शुल्क देना होगा। बोर्डों पर दोपहिया वाहन के लिए ₹10 और कार/चौपहिया वाहन के लिए ₹20 प्रति विजिट शुल्क तय किया गया है। इसके अलावा मासिक पास की सुविधा भी उपलब्ध है—दोपहिया के लिए ₹301 और कार के लिए ₹600।
नगर निगम सुरक्षा की गारंटी नहीं देगा
शहरवासियों को और हैरानी इस बात से हुई कि शुल्क वसूलने के बावजूद निगम वाहन चोरी, डिग्गी या सामान चोरी की जिम्मेदारी नहीं लेगा। यानी पार्किंग शुल्क देने के बाद भी वाहन मालिक अपनी जोखिम पर वाहन पार्क करेंगे। मरीन ड्राइव पर रोजाना सैकड़ों लोग व्यायाम और मनोरंजन के लिए आते हैं, ऐसे में यह नया नियम उन्हें परेशानी में डाल सकता है।
नागरिकों की प्रतिक्रिया
स्थानीय लोगों का कहना है कि फुटपाथ और पाथवे पर पार्किंग शुल्क लगाना अनुचित है, क्योंकि ज्यादातर लोग यहां पैदल टहलने या वॉक करने आते हैं, न कि पार्किंग के लिए। नए नियम के लागू होने से पहले ही लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
महापौर का बयान
महापौर मीनल चौबे ने स्पष्ट किया कि सुबह मॉर्निंग वॉक करने वालों से शुल्क नहीं लिया जाएगा, जबकि शाम और रात के समय आने वाले वाहन मालिकों से शुल्क वसूला जाएगा। उनका दावा है कि इस कदम से बेतरतीब पार्किंग रोकी जा सकेगी, तेलीबांधा-श्याम नगर सड़क पर जाम कम होगा और यातायात सुचारू रहेगा। महापौर दोपहर में मौके पर जाकर स्थिति का जायजा भी लेंगी।
