गुवाहाटी/दरांग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के दरांग जिले के मंगलदोई में 6,300 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने विपक्ष के हमलों और व्यक्तिगत टिप्पणियों का जवाब देते हुए खुद को भगवान शिव का भक्त बताया और कहा कि उन्हें कितनी भी गाली दी जाए, वे सारा जहर निगल लेते हैं।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में दरांग मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज तथा जीएनएम स्कूल की आधारशिला रखी। इन योजनाओं पर लगभग 570 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके साथ ही गुवाहाटी रिंग रोड परियोजना की भी शुरुआत की गई, जिससे राज्य का यातायात नेटवर्क मजबूत होगा।
विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, “मैं आलोचनाओं से डरने वाला नहीं हूं। मेरा रिपोर्ट कार्ड देश की 140 करोड़ जनता के पास है, वही मेरे असली मालिक हैं।” उन्होंने कांग्रेस पर असम और पूर्वोत्तर की अस्मिता तथा संस्कृति का अपमान करने का आरोप लगाया और भारत रत्न भूपेन हजारिका का भी उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने हाल ही में बिहार के दरभंगा में विपक्षी गठबंधन INDIA के मंच से उनके और उनकी मां के खिलाफ दिए गए अपशब्दों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मां को गाली देना निंदनीय है। इस घटना के बाद भाजपा ने कानूनी कार्रवाई की और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि यह उनका असम दौरा “ऑपरेशन सिंदूर” के बाद का पहला दौरा है। उन्होंने जोर दिया कि केंद्र सरकार असम और पूरे पूर्वोत्तर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और आने वाले समय में यहां स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
