ONGC Pipeline leaks in Andhra Pradesh: अमरावती। आंध्र प्रदेश के कोनासीमा जिले में ओएनजीसी की पाइपलाइन से हुए बड़े गैस रिसाव के बाद भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना मलिकिपुरम मंडल के इरुसमांडा क्षेत्र के पास हुई, जहां आग तेजी से फैलने के कारण आसपास के कई गांवों को एहतियातन खाली कराना पड़ा। हादसे में सैकड़ों नारियल के पेड़ जलकर खाक हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पाइपलाइन से गैस का रिसाव शुरू होते ही जोरदार धमाका हुआ और कुछ ही पलों में आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग और धुएं के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गांव के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना ओएनजीसी और प्रशासन को दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
मरम्मत कार्य के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, घटना के समय ओएनजीसी के कुएं पर तकनीकी मरम्मत का काम चल रहा था। मरम्मत से पहले उत्पादन को अस्थायी रूप से बंद किया गया था। इसी प्रक्रिया के दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद गैस और कच्चा तेल तेज दबाव के साथ बाहर निकलने लगे। रिसाव वाली गैस में तुरंत आग लग गई और आसपास का इलाका इसकी चपेट में आ गया।

लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया
गैस रिसाव और आग की वजह से आसपास के गांवों में धुएं का घना गुबार फैल गया, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और हवा में तेज गैस की बदबू फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से सतर्क रहने की अपील की। बिजली के स्विच बंद रखने, गैस सिलेंडर का उपयोग न करने और किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई।
मुख्यमंत्री ने लिया घटना का संज्ञान
राज्य के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गैस दुर्घटना की जानकारी ली और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और हालात पर लगातार नजर रखने को कहा।
अब तक कोई हताहत नहीं
राहत की बात यह है कि इस हादसे में फिलहाल किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है। ओएनजीसी और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि हालात पूरी तरह काबू में आने के बाद घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।
