नई दिल्ली: भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) जल्द ही 100 और 200 रुपये के नए बैंक नोट जारी करने जा रहा है। इन नोटों पर नए गवर्नर संजय मल्होत्रा के हस्ताक्षर होंगे। आरबीआई ने मंगलवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि ये नए नोट महात्मा गांधी (नई) श्रृंखला के मौजूदा नोटों के डिज़ाइन के समान ही होंगे।
पुराने नोट भी रहेंगे मान्य
आरबीआई ने स्पष्ट किया है कि पहले से चलन में मौजूद 100 और 200 रुपये के सभी पुराने नोट वैध मुद्रा बने रहेंगे और इन्हें बंद नहीं किया जाएगा। यानी, लोग बेझिझक पुराने नोटों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
कौन हैं संजय मल्होत्रा?
संजय मल्होत्रा ने दिसंबर 2024 में भारतीय रिज़र्व बैंक के गवर्नर का पद संभाला था। वह 1990 बैच के राजस्थान कैडर के आईएएस अधिकारी हैं और उनकी नियुक्ति तीन साल के लिए की गई है। उन्होंने शक्तिकांत दास का स्थान लिया, जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद पद छोड़ा। अब नए नोटों पर मल्होत्रा के हस्ताक्षर बड़ा बदलाव लेकर आएंगे।
50 रुपये के नए नोट भी जल्द
आरबीआई ने यह भी बताया कि हाल ही में 50 रुपये के नए नोट जारी करने की घोषणा की गई थी। इन नोटों में भी संजय मल्होत्रा के हस्ताक्षर होंगे और सुरक्षा फीचर्स को और मजबूत किया जाएगा। इसका मकसद नकली नोटों के बढ़ते खतरे को रोकना है।
नए नोटों में क्या होगा खास?
• महात्मा गांधी की तस्वीर पहले की तरह बनी रहेगी।
• अत्याधुनिक सुरक्षा फीचर्स जो नकली नोटों की नकल को मुश्किल बनाएंगे।
• पहले से बेहतर डिज़ाइन और सुरक्षा धागे जो नोटों की विश्वसनीयता बढ़ाएंगे।
नोटों को और सुरक्षित बनाने की कोशिश
बीते कुछ वर्षों से RBI लगातार करेंसी नोटों को सुरक्षित बनाने के लिए बदलाव कर रहा है। इससे पहले, 500 रुपये के नोट में सुरक्षा फीचर्स बढ़ाए गए थे और 1,000 रुपये के नोट को बंद कर दिया गया था। अब छोटे मूल्यवर्ग के नोटों को भी अपडेट करने की तैयारी है। यह कदम देश की मुद्रा को अधिक सुरक्षित और मजबूत बनाने की दिशा में उठाया गया है।
आरबीआई की इस नई पहल से आम जनता को कोई परेशानी नहीं होगी, बल्कि नए नोटों के आने से लेन-देन और अधिक सुरक्षित हो जाएगा।