महासमुंद । जिले के कोमाखान क्षेत्र के ग्राम बिडोरा में सोमवार को भालुओं के हमले में तीन ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, बागबहरा वन परिक्षेत्र के अंतर्गत बिडोरा गांव के कुछ ग्रामीण जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान दो भालू और दो शावकों के झुंड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में दानबाई ठाकुर (60 वर्ष), छबिलाल साहू (49 वर्ष) और सावित्री ठाकुर (40 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को सिर, हाथ और कमर में गहरी चोटें आई हैं।
घायलों को पहले बागबहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें महासमुंद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घायलों को अस्पताल भेजा। विभाग की ओर से तत्काल राहत स्वरूप 500-500 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
