गरियाबंद, छत्तीसगढ़: गुरुवार को गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में 10 नक्सली मार गिराए गए, जिनमें ₹1 करोड़ का इनामी सीसीएम मोदेम बालकृष्णा उर्फ मनोज भी शामिल था। मनोज छत्तीसगढ़ के साथ-साथ ओडिशा में नक्सल गतिविधियों का संचालन करता था और ओडिशा स्टेट कमेटी मेंबर था।
इस बड़ी सफलता पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने सुरक्षाबलों को बधाई दी।
सीएम विष्णुदेव साय ने मुठभेड़ के बाद विश्वास जताया कि मार्च 2026 तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में “नक्सलमुक्त भारत” का संकल्प साकार होगा। उन्होंने कहा,
“बस्तर में विश्वास, विकास और शांति का नया सूरज उग रहा है। CRPF कोबरा कमांडो, छत्तीसगढ़ पुलिस और DRG के जवानों ने नक्सलवाद के खिलाफ अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया।”
सीएम ने बताया कि नारायणपुर में 16 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया और समाज की मुख्यधारा में लौटने का संकल्प लिया, जो नक्सलवाद की झूठी विचारधारा के दम तोड़ने का प्रमाण है।
इस साल अब तक 5 CC मेंबर ढेर
सुरक्षाबलों ने इस साल अब तक पांच CC मेंबर को मार गिराया है। मटाल के जंगलों में नक्सली लीडरों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर गरियाबंद E30, एसटीएफ और कोबरा ने संयुक्त अभियान चलाया। जवान जैसे ही जंगल में आगे बढ़े, नक्सलियों से भीषण मुठभेड़ शुरू हुई। पूरे इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है।
