गुरुग्राम। बिग बॉस ओटीटी 2 विजेता और यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर पर रविवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। यह घटना सुबह करीब 5:30 बजे सेक्टर 57 इलाके में हुई, जब बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनके घर पर 20 से 24 राउंड गोलियां चलाईं और फरार हो गए।
घटना के वक्त घर पर नहीं थे एल्विश
हमले के समय एल्विश यादव शहर से बाहर थे। हालांकि, उनके परिवार के कुछ सदस्य और केयरटेकर घर के अंदर मौजूद थे, लेकिन सौभाग्य से किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ।
गुरुग्राम पुलिस के PRO संदीप कुमार ने हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने फौरन घटनास्थल पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए। साथ ही इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिवार को नहीं मिली थी धमकी
एल्विश यादव के पिता ने कहा कि घटना से पहले उन्हें किसी भी तरह की कोई धमकी नहीं मिली थी। उन्होंने बताया कि हमलावर मोटरसाइकिल से आए थे। उनमें से दो बाइक से उतरकर अंधाधुंध गोलियां चलाने लगे, जबकि तीसरा बाइक पर ही बैठा रहा।
कौन हैं एल्विश यादव?
27 वर्षीय एल्विश यादव एक लोकप्रिय यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर हैं। 2023 में उन्होंने बिग बॉस ओटीटी 2 जीतकर देशभर में लोकप्रियता हासिल की थी। सोशल मीडिया पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं। वह कई म्यूजिक वीडियो और फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं।
हालांकि, एल्विश विवादों से भी घिरे रहे हैं। पिछले साल उन्हें नोएडा पुलिस ने रेव पार्टियों में सांप के जहर के इस्तेमाल के आरोप में गिरफ्तार किया था। हालांकि, बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी, लेकिन इस मामले में जांच अभी भी जारी है।
