धरसींवा । छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के जिला पदाधिकारियों ने धरसींवा क्षेत्र के ग्राम सिलतरा में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान पंडित आचार्य युवराज की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर जिले के धरसींवा क्षेत्र में जनपद अध्यक्ष के गृह ग्राम में महिला समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही सामने आई है। बीते कुछ दिनों से क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचनाएं भी मिल रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
संगठन के जिला उपाध्यक्ष गोविंद वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण किसी भी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सुरक्षा बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उचित कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। अंत में संगठन ने आम जनता और विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।
