मुंबई। रियलिटी शो बिग बॉस सीजन 19 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है और अब ग्रैंड फिनाले को लेकर दर्शकों का उत्साह चरम पर है। शो के टॉप 6 फाइनलिस्ट—गौरव खन्ना, फरहाना भट्ट, अमाल मलिक, तान्या मित्तल, मालती चाहर और प्रणित मोरे—विजेता बनने की रेस में डटे हुए हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर दर्शकों की भविष्यवाणी तेज हो गई है, जिसमें एक नाम सबसे आगे निकलकर सामने आया है—फरहाना भट्ट।
फरहाना भट्ट बनीं दर्शकों की पहली पसंद
वोटिंग पोल्स और सोशल मीडिया ट्रेंड्स यह साफ संकेत दे रहे हैं कि फरहाना भट्ट इस सीजन की सबसे मजबूत दावेदार बनकर उभरी हैं। दर्शकों का मानना है कि फरहाना ने घर के अंदर अपने व्यक्तित्व, मजबूत स्टैंड और सादगी से लोगों का दिल जीता है। कई नेटिज़न्स ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए बताया कि जिस दिन घरवालों ने एक साधारण टास्क के दौरान फरहाना को धमकाया और उनके चरित्र पर टिप्पणी की, उसी दिन बड़ी संख्या में दर्शक उनके समर्थन में आ गए थे।
एक उपयोगकर्ता ने लिखा कि उस एपिसोड के बाद फरहाना को पहले ही ‘योग्य विजेता’ घोषित किया जा चुका है। वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा कि फरहाना बिग बॉस के इतिहास की सबसे फैशनेबल और स्टाइलिश कंटेस्टेंट्स में से एक हैं, जो अपने ग्लैमरस अंदाज और आत्मविश्वास से शो में छा गईं।
धांधली की आशंका पर दर्शकों की नाराजगी
सोशल मीडिया पर कई दर्शकों ने यह भी दावा किया है कि अगर फरहाना भट्ट को विजेता नहीं बनाया गया, तो यह सीजन ‘सबसे विवादित’ कहा जाएगा। एक यूजर ने लिखा कि अगर फरहाना को ताज नहीं मिला, तो यह बिग बॉस के इतिहास में सबसे बड़े धांधली वाले सीजन के रूप में दर्ज होगा। उनका मानना है कि फरहाना बिना किसी बड़े विवाद और गुटबाज़ी के सिर्फ अपनी मेहनत और व्यक्तित्व के दम पर यहां तक पहुंची हैं।
गौरव खन्ना भी जीत की रेस में एक मजबूत नाम
हालांकि फरहाना ट्रेंडिंग लिस्ट में सबसे आगे हैं, लेकिन गौरव खन्ना भी इस रेस से बाहर नहीं हैं। मीडिया इंटरैक्शन राउंड में गौरव ने जिस आत्मविश्वास और तर्क के साथ सवालों का जवाब दिया, उसने न्यूट्रल दर्शकों को प्रभावित किया। कई यूजर्स का कहना है कि मीडिया राउंड में गौरव खन्ना ने बाकी सभी प्रतियोगियों को कड़ी टक्कर दी।
फिनाले से पहले बढ़ी उत्सुकता
जैसे-जैसे फिनाले करीब आ रहा है, बिग बॉस 19 का माहौल और भी रोमांचक हो गया है। दर्शकों का एक बड़ा वर्ग फरहाना भट्ट को इस सीजन की विजेता मान रहा है, जबकि गौरव खन्ना और अमाल मलिक भी मजबूत दावेदार बने हुए हैं।
