रायपुर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले को लेकर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आतंकियों ने बेहद कायराना और दुस्साहसिक हरकत की है, जिसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा। सरकार की ओर से इस हमले पर गंभीरता से विचार किया गया है और इसका मुँहतोड़ जवाब देने की तैयारी है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार घटना के तुरंत बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मौके पर पहुँचे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी विदेश यात्रा बीच में छोड़कर देश वापसी की, यह दिखाता है कि केंद्र सरकार इस हमले को लेकर अत्यंत गंभीर है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को अब कड़ी और निर्णायक प्रतिक्रिया दी जाएगी।
इस हमले में रायपुर के समता कॉलोनी निवासी व्यवसायी दिनेश मीरानिया की भी दुखद मौत हुई है। उनका पार्थिव शरीर रायपुर लाया गया है। इस दुखद घटना को लेकर पूरे रायपुर में शोक की लहर है और लोगों में भारी आक्रोश है।
अरुण साव ने कहा, “यह बहुत दर्दनाक घटना है। निश्चित रूप से इन आतंकवादियों को मुँह तोड़ और कड़ा जवाब मिलेगा। सरकार पीड़ित परिवार के साथ है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।”
इस बयान के साथ उप मुख्यमंत्री ने देशवासियों को यह भरोसा दिलाया है कि आतंकवादियों की इस कायराना हरकत का करारा जवाब जल्द ही मिलेगा।
