नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राजधानी दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के भाषण के बाद मंच के कथित ‘शुद्धिकरण’ का मुद्दा उठाया। उन्होंने दलितों के साथ भेदभाव और अत्याचार को लेकर बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने कहा कि देश में आज दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई चल रही है। एक तरफ भारत का संविधान है, जिसे उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर, महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और सरदार पटेल की विचारधारा से जोड़ा। दूसरी तरफ बीजेपी और आरएसएस की विचारधारा है।
दलितों पर अत्याचार का मुद्दा उठाया
राहुल गांधी ने कहा कि हजारों वर्षों से देश में दलितों पर अत्याचार और हिंसा होती रही है। संविधान ने इसे गैरकानूनी बना दिया, लेकिन इसके बावजूद भेदभाव के मामले सामने आते हैं।
उन्होंने दावा किया कि आज भी कुछ स्कूलों में दलित बच्चों से टॉयलेट साफ करवाए जाते हैं और फर्श पर झाड़ू-पोछा लगवाया जाता है। राहुल ने कहा कि इसका बच्चों के मानसिक विकास और आने वाली पीढ़ी पर गहरा असर पड़ता है।
गांव के कुएं और चाय की दुकानों का भी किया जिक्र
राहुल गांधी ने कहा कि आज भी कुछ जगहों पर दलितों को गांव के सार्वजनिक कुएं से पानी लेने की अनुमति नहीं दी जाती। उन्होंने चाय की दुकानों पर अलग-अलग कप रखे जाने का भी दावा किया और कहा कि यह भेदभाव शहरों और गांवों दोनों में देखने को मिलता है।
खड़गे के लिए न्याय की मांग
राहुल गांधी ने राजस्थान में कांग्रेस के एक नेता के मंदिर जाने के बाद कथित तौर पर बीजेपी नेताओं द्वारा ‘शुद्धिकरण’ किए जाने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपना पूरा जीवन देश और संविधान को समर्पित किया है।
राहुल ने कहा कि खड़गे हल्द्वानी के रामलीला मैदान में भाषण देने गए थे और उनके भाषण के बाद वहां भी ‘शुद्धिकरण’ की रस्म निभाई गई। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसा कौन करता है?
‘दलितों को अशुद्ध मानने का संदेश’
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं यह संदेश देती हैं कि दलितों को छुआ नहीं जाना चाहिए और उन्हें ‘अशुद्ध’ माना जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कथित घटनाओं के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और उन्हें अपने पार्टी अध्यक्ष के लिए न्याय चाहिए।
इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे राहुल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने यह भी बताया कि वह 12 सितंबर को मध्य प्रदेश के इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
