उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने रविवार को बुधवारी जैन मंदिर परिसर स्थित जैन स्वाध्याय भवन के जीर्णोद्धार कार्य का फीता काटकर लोकार्पण किया। कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत ने अध्यक्षता की। इस अवसर पर मंत्री ने समाज के गणमान्य लोगों के साथ भगवान महावीर के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि जैन समाज का स्नेह और आशीर्वाद उन्हें हमेशा मिलता रहा है। उन्होंने बताया कि समाज की मांग पर भवन के जीर्णोद्धार कार्य को सीएसआर मद से तत्काल स्वीकृति दिलाई गई, जिसके परिणामस्वरूप अब यह भव्य भवन समाज को समर्पित किया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में कोरबा का तेजी से विकास हो रहा है। सामाजिक विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न समाजों की मांग के अनुरूप अब तक 56 सामाजिक विकास कार्यों को स्वीकृति देकर उनका निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि वर्तमान सरकार में शहर के विकास के साथ-साथ सामाजिक विकास को भी नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं और मदों का उपयोग समाज और शहरवासियों की जरूरतों के अनुरूप किया जा रहा है, जिससे सभी वर्गों को लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम में समाज की ओर से वरिष्ठ सदस्य सुधीर जैन ने मंत्री लखन लाल देवांगन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में कोरबा में विकास कार्यों को नई गति मिली है और जैन मिलन समिति को यह महत्वपूर्ण सौगात प्राप्त हुई है।
इस अवसर पर डॉ. प्रदीप जैन, योगेश जैन, प्रफुल्ल तिवारी, राजेश राठौर, ईश्वर साहू, डॉ. प्रिंस जैन, प्रकाश जैन, सोनू जैन, मुकुल जैन, अशोक जैन, प्रमोद जैन, आशीष जैन, पारस जैन, मनीष जैन सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
