छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान जिले में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ‘शिवा बुक’ एप के कथित मास्टरमाइंड तरुण वर्मा को गिरफ्तार किया है। तिल्दा निवासी आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले इस मामले में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल देवांगन वर्ष 2021 से मुंबई के पलावा सिटी स्थित फ्लैट से ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क संचालित कर रहा था। करीब छह महीने पहले वह छत्तीसगढ़ लौट आया था। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि उसने तिल्दा निवासी तरुण वर्मा से ‘शिवा बुक’ का पैनल खरीदा था, जिसके बदले वर्मा को 10 प्रतिशत कमीशन मिलता था।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने स्वीकार किया है कि उन्हें यूपीआई के माध्यम से 8 से 10 लाख रुपये तक का कमीशन प्राप्त हुआ। जांच के दौरान यह भी पता चला कि पुलिस से बचने के लिए सट्टा नेटवर्क में इस्तेमाल किए गए कुछ मोबाइल फोन नष्ट कर दिए गए थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, भारतीय स्टेट बैंक की पासबुक, एक क्रेडिट कार्ड और दो एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।
