छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मिली है। रामनामी समुदाय की अनूठी परंपरा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ‘राम-नामी’ को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में ‘सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री’ का सम्मान प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि से प्रदेश की लोक संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को नई पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फिल्म के निर्देशक भरतबाला गणपति और पूरी टीम को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, आध्यात्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनामी समाज की परंपरा श्रद्धा, समर्पण और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का जीवंत प्रतीक है। इस डॉक्यूमेंट्री ने इस अनूठी विरासत को प्रभावी ढंग से देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत किया है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह राष्ट्रीय सम्मान छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, जनजातीय एवं लोक समुदायों की सांस्कृतिक धरोहर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
