क्रिस्टोफर नोलन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द ओडिसी’ ने भारतीय और वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। 17 जुलाई को भारत में रिलीज हुई फिल्म ने पहले तीन दिनों में 61.30 करोड़ रुपये का कारोबार किया। शुक्रवार को 17.40 करोड़, शनिवार को 22 करोड़ और रविवार को 21.90 करोड़ रुपये की कमाई के साथ यह नोलन की भारत में सबसे सफल शुरुआती फिल्मों में शामिल हो गई।
वैश्विक स्तर पर भी ‘द ओडिसी’ ने पहले वीकेंड में करीब 2,270 करोड़ रुपये (264.1 मिलियन अमेरिकी डॉलर) का कारोबार कर इतिहास रच दिया। फिल्म ने नोलन की पिछली ब्लॉकबस्टर ‘द डार्क नाइट राइजेज’ के ओपनिंग वीकेंड रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
वहीं, अजय देवगन, अरशद वारसी और रितेश देशमुख अभिनीत ‘धमाल 4’ ने रविवार को 12.75 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ फिल्म का कुल घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 124.50 करोड़ रुपये पहुंच गया।
हॉलीवुड हॉरर फिल्म ‘ईविल डेड बर्न’ ने रविवार को 1.95 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि इसकी कुल कमाई 26.25 करोड़ रुपये हो गई है।
आलिया भट्ट, शरवरी, अनिल कपूर और बॉबी देओल की फिल्म ‘अल्फा’ की रफ्तार धीमी पड़ गई है। रविवार को फिल्म ने 64 लाख रुपये की कमाई की और इसका कुल कलेक्शन 57.74 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ ने भी रविवार को 66 लाख रुपये का कारोबार किया। इसके साथ फिल्म की कुल कमाई 133.11 करोड़ रुपये हो गई है।
