रायपुर, प्रदेश में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान रेत के अवैध उत्खनन में संलिप्त पांच चैन माउंटेन मशीनों को जब्त कर सील कर दिया।
खनिज विभाग के अधिकारियों के अनुसार केंद्रीय खनि उड़नदस्ता और जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने 31 मई की रात धमतरी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम नारी स्थित महानदी क्षेत्र में पांच चैन माउंटेन मशीनें रेत उत्खनन कार्य में लगी हुई पाई गईं।
जांच के दौरान संबंधित पक्षों द्वारा खनन के लिए कोई वैध अनुमति या अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद अवैध खनन का प्रकरण दर्ज करते हुए खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत सभी मशीनों को जब्त कर सीलबंद किया गया। साथ ही संबंधित पक्षों को जवाब प्रस्तुत करने के लिए नोटिस भी जारी किया गया।
कार्रवाई के दौरान केंद्रीय उड़नदस्ता और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम के अधिकारी मौजूद रहे। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और अभियानात्मक कार्रवाई की जा रही है।
राज्य सरकार के निर्देश पर खनिज संसाधनों के संरक्षण और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न जिलों में नियमित जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
