रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बेहद संवेदनशील और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने ढाई साल के बेटे की हत्या कर दी। आरोपी महिला ने घटना के बाद बच्चे के शव को जंगल में छिपा दिया और अपहरण की झूठी कहानी बनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
यह मामला कापू थाना क्षेत्र के पारेमेर फिटिंगपारा गांव का है। जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल को ढाई वर्षीय बालक अनुज अचानक लापता हो गया। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला, तो पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि बच्चा आखिरी बार अपनी मां के साथ देखा गया था। जब पुलिस ने महिला से पूछताछ की, तो उसने अपहरण की कहानी बताकर मामले को भटकाने की कोशिश की। हालांकि उसके बयान में लगातार विरोधाभास मिलने पर पुलिस का संदेह गहराया।
इसी दौरान पुलिस को जंगल क्षेत्र से बच्चे का शव बरामद हुआ। इसके बाद कड़ाई से पूछताछ करने पर महिला ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि वह अपने बच्चे के साथ पैदल जा रही थी, तभी बच्चा बार-बार गोद में उठाने की जिद कर रहा था। इस बात से गुस्से में आकर उसने पहले बच्चे को जमीन पर पटक दिया और फिर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।
परिजनों के अनुसार, घटना के दिन महिला की स्थिति संदिग्ध थी। पति जब घर लौटा तो बच्चा गायब था और बाद में महिला अकेले घर पहुंची। बच्चे के बारे में पूछने पर वह स्पष्ट जवाब नहीं दे पाई। दो दिनों तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच की जा रही है।
