Census 2027 : नई दिल्ली। देश में जनगणना 2027 को लेकर इस बार एक बड़ा डिजिटल बदलाव किया गया है। पहली बार नागरिकों को “सेल्फ इन्यूमरेशन” यानी स्व-गणना की सुविधा दी गई है, जिसके तहत लोग खुद अपने घर और परिवार की जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे। यह प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू हो रही है।
16 से 30 अप्रैल तक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा
नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच जनगणना पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर और ओटीपी के जरिए लॉगिन कर अपनी जानकारी भर सकते हैं। इस प्रक्रिया में परिवार के सदस्यों की संख्या, उम्र, शिक्षा, व्यवसाय और घर की सुविधाओं से जुड़े सरल प्रश्न शामिल होंगे।
फॉर्म भरने के बाद एक सेल्फ इन्यूमरेशन आईडी जनरेट होगी, जिसे बाद में घर-घर सर्वे के दौरान आने वाले प्रगणक को दिखाकर जानकारी की पुष्टि की जाएगी।
1 से 30 मई तक घर-घर होगा सर्वे
जनगणना का दूसरा चरण 1 मई से 30 मई तक चलेगा, जिसमें प्रशिक्षित प्रगणक घर-घर जाकर डेटा एकत्र करेंगे। इस दौरान मकान, परिवार और जीवन सुविधाओं से जुड़ी जानकारी दर्ज की जाएगी।
इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी और सभी डेटा मोबाइल एप के जरिए दर्ज किया जाएगा, जिसकी निगरानी भी डिजिटल सिस्टम से की जाएगी।
62 हजार से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी
जनगणना कार्य के लिए लगभग 62,500 अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सरकार का कहना है कि यह प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सटीक आंकड़े जुटाने में मदद करेगी।
मकान से जुड़े सवाल
- भवन नंबर (नगर या स्थानीय प्राधिकरण अथवा जनगणना नंबर)
- जनगणना मकान नंबर
- मकान के फर्श में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री
- मकान के दीवार में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री
- मकान के छत में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री
- मकान का उपयोग (रहने, दुकान आदि)
- मकान की हालत कैसी है
परिवार से जुड़े सवाल
- घर का नंबर (परिवार के लिए)
- कुल कितने लोग रहते हैं
- परिवार के मुखिया का नाम
- मुखिया का लिंग (पुरुष/महिला/थर्ड जेंडर)
- मुखिया किस वर्ग से है (एससी/एसटी/अन्य)
- मकान के स्वामित्व की स्थिति
- परिवार के पास रहने के लिए उपलब्ध कमरों की संख्या
- परिवार में रहने वाले विवाहित दंपत्तियों की संख्या
सुविधा से जुड़े सवाल
- पेयजल का मुख्य स्रोत
- पेयजल स्रोत की उपलब्धता
- प्रकाश का मुख्य स्रोत
- शौचालय की सुलभता
- शौचालय का प्रकार
- गंदे पानी की निकासी
- स्नानगृह की उपलब्धता
- रसोईघर और एलपीजी/पीएनजी
- कनेक्शन की उपलब्धता
- खाना पकाने के लिए प्रयुक्त
- मुख्य ईंधन
