रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने महतारी वंदन योजना के लाभार्थी महिलाओं के लिए e-KYC को अनिवार्य कर दिया है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि प्रदेश की सभी पात्र महिलाओं को 30 जून 2026 तक अपना e-KYC अनिवार्य रूप से कराना होगा, अन्यथा अगली किस्त नहीं मिल सकेगी।
e-KYC कराने से रुके पैसे एक साथ मिलेंगे
मंत्री ने कहा कि e-KYC पूरा होने के बाद रुकी हुई किस्तें महिलाओं के खाते में एक साथ ट्रांसफर कर दी जाएंगी। e-KYC की प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क है और इसे पंचायत भवन, वार्ड कार्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र तथा कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर आसानी से कराया जा सकता है।
e-KYC कैसे कराएं?
- आधार कार्ड साथ लेकर निकटतम CSC, आंगनबाड़ी केंद्र, वार्ड ऑफिस या पंचायत कार्यालय जाएं।
- आधार कार्ड रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लिंक होना चाहिए।
- फिंगरप्रिंट और आइरिस स्कैन कराना होगा।
अब तक जारी हुई 26वीं किस्त
महतारी वंदन योजना की 26वीं किस्त जारी कर दी गई है। इस किस्त के तहत 68.48 लाख महिलाओं के खातों में कुल ₹641.62 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। हर महिला को ₹1,000 की आर्थिक सहायता मिली है।
बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में चल रही ‘नियद नेल्ला नार’ योजना के तहत आने वाले 7,773 महिलाओं को भी इस किस्त का लाभ मिला है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने सभी पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे 30 जून तक अपना e-KYC अवश्य पूरा कर लें, ताकि योजना का लाभ निर्बाध रूप से जारी रह सके।
