बलौदाबाजार जिले में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (VB-G RAM G) के अंतर्गत रोजगार दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ योजना के प्रावधानों की जानकारी दी गई।
जिले में कुल 4821 कार्य संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें 32,072 श्रमिक नियोजित हैं। सभी विकासखंडों की ग्राम पंचायतों में पंजीकृत श्रमिकों को कार्यस्थलों पर रोजगार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन अधिनियम 2025 के प्रावधानों, लाभों और क्रियान्वयन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। यह नया कानून ग्रामीण रोजगार और आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लाया गया है, जो मनरेगा का स्थान लेगा। इसमें 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के रोजगार की गारंटी का प्रावधान किया गया है।
योजना के अंतर्गत मजदूरी का भुगतान 7 दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाएगा तथा समय पर काम उपलब्ध न होने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ता देने का प्रावधान है।
योजना में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए डिजिटलीकरण और आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इसके तहत जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण, वाटरशेड विकास, सिंचाई, वनीकरण और जल स्रोतों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
सभी कार्य GIS आधारित युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से योजना बनाकर क्रियान्वित किए जाएंगे, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा QR कोड के माध्यम से पिछले तीन वर्षों में स्वीकृत कार्यों तथा उनके आय-व्यय की जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी।
इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और स्थायी विकास को बढ़ावा देना है।
