Monalisa-Farman Marriage: मुंबई। महाकुंभ 2025 के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल हुई मोनालिसा ने अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से शादी कर ली है। इस खबर ने उनके प्रशंसकों को चौंका दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों ने परिवार के विरोध के बावजूद यह रिश्ता स्वीकार किया। शादी के बाद दोनों के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें मोनालिसा दुल्हन के रूप में नजर आ रही हैं।
पहले कोर्ट मैरिज, फिर मंदिर में सात फेरे
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार मोनालिसा और फरमान खान ने पहले सिविल मैरिज की। सामने आए एक वीडियो में दोनों कोर्ट में मैरिज सर्टिफिकेट के साथ दिखाई दे रहे हैं और उनके चेहरे पर नई जिंदगी की खुशी साफ झलक रही है।
इसके बाद दोनों ने केरल के तिरुवनंतपुरम स्थित अरुमनूर नैनार मंदिर में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे भी लिए। शादी के बाद दोनों ने मंदिर में भगवान का आशीर्वाद भी लिया।
लाल बनारसी साड़ी में सजी दिखीं मोनालिसा
शादी के वीडियो में मोनालिसा लाल बनारसी साड़ी में सजी हुई नजर आ रही हैं। उनके माथे पर सिंदूर और पारंपरिक दुल्हन का श्रृंगार दिखाई दे रहा है। एक वीडियो में फरमान खान उन्हें मंगलसूत्र जैसा धागा पहनाते हुए भी नजर आते हैं। दोनों के चेहरे पर शादी की खुशी साफ दिखाई दे रही है।
अलग धर्म होने के कारण हुआ विरोध
बताया जा रहा है कि मोनालिसा और फरमान खान करीब डेढ़ साल से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे। हालांकि दोनों अलग-अलग धर्म से होने के कारण मोनालिसा के परिवार ने इस रिश्ते का विरोध किया।
मोनालिसा का आरोप है कि परिवार की ओर से उन पर काफी दबाव बनाया जा रहा था और उन्हें धमकियां भी मिल रही थीं। इसी कारण उन्होंने घर छोड़ दिया और केरल जाकर शादी करने का फैसला किया। उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए पुलिस से भी मदद मांगी थी।
कौन हैं फरमान खान
फरमान खान महाराष्ट्र के रहने वाले एक अभिनेता और मॉडल हैं, जो क्षेत्रीय फिल्मों और मॉडलिंग परियोजनाओं से जुड़े रहे हैं। बताया जाता है कि उनकी मुलाकात मोनालिसा से करीब डेढ़ साल पहले फेसबुक के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई।
फरमान ने एक इंटरव्यू में बताया कि मोनालिसा ने ही सबसे पहले उन्हें प्रपोज किया था। शुरुआत में उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, लेकिन बाद में दोनों ने एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया और उनका रिश्ता मजबूत होता गया।
शादी के बाद केरल में रहने की योजना
मोनालिसा और फरमान खान का कहना है कि उन्हें केरल का वातावरण काफी पसंद आया है। यही कारण है कि दोनों ने वहीं मंदिर में शादी की और फिलहाल वहीं रहने की योजना बना रहे हैं।
महाकुंभ से बदली थी जिंदगी
मोनालिसा मध्य प्रदेश के महेश्वर की रहने वाली हैं। वर्ष 2025 में प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ मेले के दौरान वह अपने परिवार के साथ रुद्राक्ष और माला बेचने पहुंची थीं। उसी दौरान उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे।
वीडियो वायरल होने के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। उन्हें फिल्म “द डायरी ऑफ मणिपुर” में काम करने का मौका मिला और वे अचानक चर्चा में आ गईं। हालांकि इस सफर के दौरान कई विवाद भी सामने आए।
